विशेष संवाददाता
रांची।एफजेसीसीआई के लॉजिस्टिक पार्क और इंडोर आउटडोर एडवर्टाईजिंग उप समिति की क्रमवार बैठकें शुक्रवार को चेंबर भवन में हुई। लॉजिस्टिक पार्क उप समिति की हुई बैठक में नॉन आरसीसी भवनों पर प्रति स्क्वॉयर फीट 14 रुपए की दर से लेबर सेस का भुगतान करने की बाध्यता से होने वाली कठिनाईयों पर चर्चा की गई। यह कहा गया कि यह केवल आरसीसी भवनों पर मान्य होना चाहिए।लेबर सेस का भुगतान एक समान होने के कारण परेशानी हो रही है।उप समिति चेयरमेन अविराज अग्रवाल ने कहा कि आवश्यक है कि नॉन आरसीसी भवनों पर लेबर सेस को 14 रुपये से घटाकर प्रति स्क्वॉयर फीट पांच रुपए किया जाय और इसका सुधार सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से हो,क्योंकि नॉन आरसीसी भवनों के निर्माण की लागत काफी कम होती है। यह सहमति बनाई गई कि इस मुद्दे पर विभागीय पत्राचार कर, सुधार का प्रयास किया जायेगा।
नगर निगम द्वारा एडवर्टाइजरों पर प्रत्येक वर्ष शुल्क में 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी किये जाने से हो रही कठिनाईयों पर इंडोर आउटडोर एडवर्टाईजिंग उप समिति की बैठक में चिंता जताई गई और कहा गया कि इससे एडवर्टाइजरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बात पर भी चिंता जताई गई कि त्यौहारों के समय बिना अनुमति लिये विभिन्न राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, फ्लैक्स व बैनर लगा दिये जाते हैं जिससे भी एडवटाईजर्स को आर्थिक नुकसान होता है। यह निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे पर नगर आयुक्त, महापौर और उपमहापौर से मिलकर समस्या के समाधान का प्रयास किया जायेगा।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोयिहा, उप समिति चेयरमेन अविराज अग्रवाल, राजीव चटर्जी, सदस्य सुनिल सरावगी, आदित्य मुरारका, अभिषेक मोदी, शैलेंद्र सुमन, जियाउल रहमान, बिरेंद्र रावत, गौरव सिन्हा, सुभोजीत दे, प्रतीक पाण्डेय, शिवशंकर रजक, दिनेश प्रसाद, विष्णु कुमार, शाकीब रहमान, कृष्ण पोद्दार, विकास पाठक सहित कई एडवटाईजर्स उपस्थित थे।





