वरीय संवाददाता,रांची। एयर इंडिया एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के रिजनल सेल्स हेड राजकुमार भट्टाचार्या और अपूर्वा सन्याल के साथ मंगलवार को झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की एक बैठक चैंबर भवन में हुई। एयर इंडिया के अधिकारियों ने अपनी भावी योजनाओं से अवगत कराते हुए बताया कि किस प्रकार एयर इंडिया एक्सप्रेस बहुत जल्द अपने सर्विसेस को बढ़ाने जा रहा है। यह बताया कि जल्द ही एयर एशिया की रि-ब्रांडिंग करके पूरी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस हो जायेगा। साथ ही उन्होंने झारखंड में पर्यटन विकास के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर योजना बनाने की भी इच्छा जताई।





स्टेक होल्डर्स की सुविधा को देखते हुए चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कई नई सेक्टर्स के लिए विमान सेवा की मांग की, जिनमें मुख्यतः रांची से हैदराबाद, रांची से जयपुर, रांची से सिलीगुड़ी,गुवाहाटी, रांची से वाराणसी और अमृतसर, रांची से सूरत, रांची से रायपुर और रांची से इंदौर शामिल है।





चेंबर महासचिव परेश गट्टानी ने रांची से दिल्ली के लिए अहले सुबह एक सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने की बात कही। यह कहा कि वही फ्लाइट दिल्ली से देर रात लौटकर रांची भी आ जाये,जिससे झारखण्ड के व्यापारियों एवं सरकारी कर्मियों को एक ही दिन में दिल्ली का अपना कार्य पूरा करने का पर्याप्त समय मिल जायेगा।





सह सचिव शैलेष अग्रवाल और श्रवण राजगढि़या ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से इंटरनेशनल विमान सेवा के परिचालन का भी आग्रह किया,जिनमें मुख्यतः दुबई, सिंगापुर और बैंकॉक शामिल है। यह भी सुझाया गया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विमान के किराये को उचित मूल्य में रखा जाय ताकि यात्रियों को अत्यधिक किराया ना चुकाना पड़े।





बैठक में उपस्थित एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने चेंबर के सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अपने उच्चाधिकारियों के साथ मिलकर सभी मांगों को पूरा करने के लिए आश्वस्त किया। बैठक के दौरान यह भी सहमति बनाई कि झारखंड चेंबर द्वारा पर्यटन विभाग के साथ समन्वय बनाकर राज्य में पर्यटन विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जायेगा।





बैठक में चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, राहुल साबू, महासचिव परेश गट्टानी, सह सचिव अमित शर्मा, शैलेष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ज्योति कुमारी, कार्यकारिणी सदस्य संजय अखौरी, साहित्य पवन, सदस्य श्रवण राजगढि़या, लोहरदगा से कौशल मित्तल, अनिस सिंह, भानू मंडल, संजीव पोद्दार, हमेंद्र शाह, अनिल सोनी, दिलीप कुमार, किशन अग्रवाल समेत ट्रेवल ट्रेड से जुडे कई व्यापारी शामिल थे।