प्रतिनिधि,चतरा। जिला निधि खनिज कौशल केन्द्र चतरा में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में आसन्न मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की गई। समीक्षा बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी,सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी,सभी बीएलओ पर्यवेक्षक तथा चतरा प्रखंड के सभी बीएलओ उपस्थित थे।





समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा हाउस टू हाउस सर्वे के दौरान चिन्हित नए योग्य मतदाताओं का फॉर्म जमा करने, प्री फील्ड फॉर्म को भरकर जमा करवाने ,मृत तथा मल्टीपल एंट्री एवं स्थाई रूप से शिफ्टेड मतदाता का फॉर्म उपलब्ध करवाने व एसएसआर 2024 के दौरान निष्पादित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।उन्होंने 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष बल दिया। 80 से अधिक उम्र के मतदाताओं का सत्यापन करने, दिव्यांग व्यक्ति को चिन्हित करने का निर्देश दिया। मूल लक्ष्य के रूप में उन्होंने सर्व समावेशी, त्रुटि मुक्त मतदाता सूची बनाने तथा वोटर टर्न आउट 80 प्रतिशत से अधिक करने हेतु सभी को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने की बात कही।