उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक युवक का नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपी ने नाबालिग का गर्भपात कराने की भी कोशिश की।आरोपी के पिता को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।आरोपी का पिता फरार है।

पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत एक आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी नौशाद और उसके पिता इस्लाम पर नाबालिग लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।लड़की का पिता गुजरात में काम करता है और पिछले हफ्ते ही घर लौटा था। नाबालिग के पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि शुक्रवार को जब अहमदाबाद से लौटा तो पता चला कि उसकी बेटी गर्भवती है। पीड़िता के पिता ने कहा कि उसकी बेटी ने उसे बताया कि नौशाद अब उसे धर्म परिवर्तन और उससे शादी करने के लिए दबाव बना रहा है और गर्भपात कराने के लिए भी मजबूर कर रहा है।एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि पुलिस ने नौशाद को सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पिता इस्लाम फरार है। एसपी ने कहा कि पीड़िता के पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी नौशाद पिछले सात महीने से उनकी बेटी के साथ जबरदस्ती कर रहा था। यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता के पिता अहमदाबाद से घर आए और अपनी बेटी का हालचाल पूछा। लड़की के पिता ने शिकायत में कहा कि, वह टूट चुकी है और उसने पिछले सात महीनों में नौशाद द्वारा दी गई पीड़ा को सुनाया। बाद मे जब मैंने नौशाद का सामना किया, तो उसने और उसके पिता ने मेरी बेटी को धमकी दी और उसे गर्भपात कराने के लिए कहा और बाद में उसे अपना धर्म बदलने के लिए कहा है। एसपी ने कहा कि लड़की का मेडिकल कराया जाएगा और उसके बाद आगे की जांच की जाएगी।