प्रतिनिधि,जमशेदपुर। आज भी समाज में कुछ ऐसे स्वार्थी लोग हैं, जो आपदा में भी अवसर ढूंढ लेते हैं। ऐसा ही मामला कदमा बाजार का है। बीते 27 फरवरी की सुबह कदमा बाजार में भीषण आगजनी की घटना घटी थी,जिसमें 24 दुकानें जलकर खाक हो गई थी।
इस दौरान आठ दमकलों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इन दुकानों में पूजा, राशन, होजरी, लेडीज कॉर्नर, जूता चप्पल के गोडाउन समेत अन्य शामिल थे। जबकि अब तक पीड़ित दुकानदारों को सहायता तक नहीं मिली है। बावजूद इसके घटना के बाद 11 दिनों बाद आज बाजार में नया खेल शुरू हो चुका है।
इस आगजनी की घटना में जिनकी छोटी सी दुकान जल गई थी। वे आज अवैध रूप से डबल स्टोरी दुकान का निर्माण कर रहे हैं। जबकि दूसरी ओर गरीब दुकानदार पूंजी के अभाव में अब तक पुनः निर्माण करने की सोच ही रहे हैं। मगर किसी का भी ध्यान इस ओर नहीं है। पूरा कदमा बाजार का एरिया जमशेदपुर अक्षेस विभाग के अंतर्गत आता है। मगर विभाग के अधिकारियों ने भी घटना के बाद कभी इनकी सुधि नहीं ली। जिसके कारण पूंजीपति धड़ल्ले से डबल स्टोरी दुकान का निर्माण करवा रहे हैं। जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।





