प्रतिनिधि,पिपरवार(चतरा)। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली जीत को लेकर पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने जमकर जश्न मनाया। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने की खुशी में पिपरवार क्षेत्र के बचरा चार नंबर चौक पर सभी कांग्रेसी नेता एकत्रित हुए और जीत की खुशी में जमकर आतिशबाजी की, मिठाई बांटी और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।





इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला कांग्रेस की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष गुंजन कुमार सिंह ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर 2024 के चुनाव का आगाज कर दिया है।उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराएगा।





राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के पिपरवार क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहम्मद कासिम उर्फ मुन्ना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है जो काफी सराहनीय है।





यूनियन के पिपरवार क्षेत्रीय सचिव विद्यापति सिंह ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पार्टी के ऊपर अपना विश्वास दिखाया है, कांग्रेस पार्टी भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।





इस अवसर पर मिथिलेश कुमार शर्मा, पिंकी सिंह, सुमन मिश्रा, निर्मल उरांव समेत अन्य कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता एवं यूनियन के सदस्य उपस्थित थे।