रांची।अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस विधायक और झारखंड के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने अब तालीबान की तारीफ की है।तालिबान की तारीफ कर असारी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अंसारी ने कहा कि वहां के लोग अब खुश हैं।अमेरिकन वहां जाकर अफगानिस्तान और तालीबान के साथ ज्यादती कर रहे थे। मां-बहन, बच्चों तक को तंग कर रहे थे। इसी के खिलाफ यह लड़ाई है। जो कुछ फैलाया जा रहा है, वह गलत है।बीजेपी ने इरफान के बयान पर पलटवार किया है।बीजेपी ने कहा कि ये कांग्रेस की तालीबानी सोच को दर्शाता है।
इरफान अंसारी ने तालीबान की तारीफ करते हुए कहा कि उसने अमेरिका को अफगानिस्तान से खदेड़ कर शानदार काम किया है।झारखंड में मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा पहुंचे इरफान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि तालीबानियों की सराहना की जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने अमेरिकियों को अफगानिस्तान से खदेड़ दिया है। जामताड़ा से दूसरी बार विधायक बने अंसारी ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि अमेरिकी सेना अफगानिस्तान में किस तरह की ज्यादती करती थी।
जब अंसारी से कहा गया कि तालिबानियों का समर्थन करके आप ऐसे संगठन का सपोर्ट नहीं कर रहे जिसे पूरी दुनिया में आंतकवादी माना जाता है।अंसारी ने कहा कि हां वो आतंकवादी संगठन है लेकिन अमेरिकियों को अपने देश से खदेड़कर उसने क्रांतिकारी काम किया है।
अंसारी ने कहा कि ब्रिटिश और अमेरिकी सेना जहां भी जाती हैं लोगों पर अत्याचार करती हैं। अफगानिस्तान में शांति होनी चाहिए क्योंकि अमेरिकी सैनिक चले गए हैं और ब्रिटिश सेना को खदेड़ दिया गया है। यह भी कहा कि अफगानिस्तान-पाकिस्तान में जो हो रहा है उससे हमें कुछ लेना-देना नहीं है।
अंसारी के बयान पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि ये कांग्रेस की तालीबानी सोच को दर्शाता है। विधानसभा में बीजेपी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि वह इस तरह का बातें इसलिए कर रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी तालीबानी मानसिकता से ओतप्रोत है। वह ऐसे आतंकवादी संगठन का समर्थन कर रहे हैं जो औरतों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ क्रूरता के लिए जाना जाता है। हमारी कई मां और बहनें और अन्य लोग डर के कारण अफगानिस्तान से भाग रहे हैं। क्या अंसारी यहां भी ऐसी ही स्थिति देखना चाहते हैं।





