प्रतिनिधि,साहिबगंज। उपायुक्त राम निवास यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को कारा सुरक्षा के आंतरिक मामलों एवं जिला सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने मंडल कारा साहिबगंज की समीक्षा करते हुए कारा के अंदर एवं बाहरी परिसर में खराब हुए चापाकल की जल्द से जल्द मरम्मति कराने का निर्देश दिया। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से फैलने वाली बीमारियों से बचाव हेतु कारा के अंदर, बंदी वार्डो एवं परिसर में तथा कारा के बाहरी परिसर में कक्ष पाल बैरक, होमगार्ड बैरक, जिला बल बैरक आदि में फॉगिंग कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा कारा के अंदर एवं बाहर परिसर में जगह-जगह डस्टबिन लगाने, कारा परिसर में लगे स्ट्रीट लाइट एवं वॉच टावर पर लगे भेपर लाइटों को जल्द से जल्द मरम्मत कराने आदि की चर्चा करते हुए आवश्यक एवं उचित निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।वहीं राजमहल उपकारा की समीक्षा के क्रम में प्रत्येक तीन माह पर सिक्योरिटी ऑडिट, शौचालय की मरम्मति कार्य, अधीक्षक आवास का निर्माण, 100 बंदी क्षमता वाले वार्ड की मरम्मति, वाच टावर निर्माण, चिकित्सक आवास एवं कारापाल आवास की मरम्मति, बैरक की मरम्मति, आरक्षी बैरक की मरम्मत, महिला बंदी वार्ड के निर्माण पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस क्रम में उपायुक्त ने सदर प्रखंड अंतर्गत कारा में लगने वाले सीसीटीवी कैमरे की जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश भी दिए तथा इंटरनल सिक्योरिटी प्लान पर चर्चा एवं विचार - विमर्श किया।
बैठक में उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, कारा अधीक्षक साहिबगंज प्रेम कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद कुमार, जिला सामान्य शाखा प्रभारी पदाधिकारी सविता सिंह, मेजर सर्जेंट विधान चंद्र, कनीय अभियंता विशेष प्रमंडल एवं अन्य उपस्थित थे।





