प्रतिनिधि,दुमका। समाहरणालय के सभागार कक्ष में शनिवार को जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में रूरल हेल्थ प्रैक्टिशनर के साथ बैठक की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा देने का कार्य आप सभी के द्वारा किया जाता है।ग्रामीण क्षेत्र में आपका एक अलग महत्व है।कहा कि आप सभी प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों के माध्यम से सूचनाओं का आदान प्रदान करें ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर किया जा सके।
उपायुक्त शुक्ला ने रूरल हेल्थ प्रैक्टिशनर से कहा कि अपने क्षेत्र के वैसे व्यक्ति जिन्हें 7 दिन से अधिक बुखार है। उन्हें चिन्हित करते हुए कालाजार की जांच के लिए एमओआईसी को सूचना दें।कहा कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आप सभी कार्य करें।कहा कि दुमका,जामा तथा रामगढ़ प्रखंड में कालाजार से प्रभावित मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है।इसे ध्यान में रखते हुए इन प्रखंडों में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उपायुक्त शुक्ला ने कहा कि कालाजार तथा फाइलेरिया को जिले से खत्म करने के लिए आपका सहयोग महत्वपूर्ण है।फाइलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर जरूरी दवाई संबंधित को उपलब्ध कराने में मदद करें।
इस दौरान उपायुक्त ने 5 से अधिक कालाजार के मरीज को चिन्हित करने वाले रूरल हेल्थ प्रैक्टिशनर को स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह उपस्थित थे।





