प्रतिनिधि,रजरप्पा। चितरपुर प्रखंड अंतर्गत बोरोविग पंचायत के अंतर्गत छोटकी पोना गांव निवासी शुभम कुमार पिता मनोज महतो का भारतीय पोस्टल विभाग में सहायक पद पर चयन हुआ। युवक का पोस्टल विभाग के पद पर चयन होने से पूरे गांव और परिवार में खुशी की लहर है तथा जिला समेत प्रखंड का नाम रोशन किया है। बताया गया कि पूर्व में शुभम ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से बीटेक डिग्री हासिल की और टीसीएस कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोलकाता में पोस्टिंग है,जहां अभी कार्यरत है। छात्र शुरू से ही काफी मेधावी और होनहार था। पढ़ाई के प्रति गंभीर एवं काफी रूचि रखता था और हमेशा ऊंचाई तक पहुंचने की कठिन मेहनत करते रहता था।
शुभम के छोटे चाचा सुनील कुमार पलामू जिला के प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत है। उनका हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहा। छात्र की प्राथमिक पढ़ाई गांव के स्कूल में तथा मैट्रिक रजरप्पा डीएवी स्कूल से अच्छे अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण हुआ और प्लस टू बरियातू डीएवी रांची से बेहतर अंक प्राप्त किया तथा पुन: उच्च तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई कर संघर्ष से नौकरी हासिल की। एक किसान का बेटा होने के कारण माता-पिता अपनी खेती बारी कर बेटा को पढ़ाने में किसी प्रकार की कोई कसर नहीं छोड़ी।
पिता मनोज महतो बताते हैं कि पूरा परिवार खेती बारी पर आश्रित है और चिलचिलाती धूप में खेतों में जाकर बच्चों की बेहतर ढंग से पठन-पाठन के लिए खेती बारी से हमेशा जुड़े रहते हैं। बताया कि माता पिता का भी सहयोग पूरा रहना चाहिए और बच्चों को लगन और मेहनत करने के लिए हमेशा प्रेरित करना चाहिए। संघर्ष और मेहनत करने वाले छात्रों को एक न एक दिन सफलता मिलती है तथा ऊंची मंजिल तक पहुंच पाना आसान होता है।





