प्रतिनिधि,दुमका। प्रखंड विकास पदाधिकारी दुमका राजेश कुमार सिन्हा ने शनिवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ0 सत्येंद्र कुमार सिंह के साथ डिस्टिरिक सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (प्लस टू जिला स्कूल) दुमका में स्थापित पोषण वाटिका का निरीक्षण किया।





पोषण वाटिका के निरीक्षण के बाद बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि स्कूली बच्चों को एमडीएम में पहले से और बेहतर पोषण आधार देने के लिए राज्य के स्कूलों में पोषण वाटिका योजना को संचालित किया जा रहा है।





बीडीओ सिन्हा ने बताया कि पोषण वाटिका में मौसमी फल एवं मौसमी हरी सब्जियों को एमडीएम में कार्यरत रसोइयों के माध्यम से लगाया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र का भी सहयोग मिल रहा है।इस अभियान के सफल संचालन के लिए मनरेगा के तहत विद्यालय में कार्यरत रसोईयों का जॉब कार्ड बनाया जा रहा है।इस पोषण वाटिका का देखभाल रसोइया के माध्यम से किया जा रहा है।





मौके पर मौजूद विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ0 सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में स्थापित पोषण वाटिका के माध्यम से बच्चों के पोषण में वृद्धि के लिए भरपूर प्रयास किया जाएगा। डॉ0 सत्येन्द्र ने कहा कि विद्यालय में पोषण वाटिका की कल्पना एवं उसको धरातल पर स्थापित करना काफी सकरात्मक पहल है।





डॉ0 सत्येन्द्र ने बताया कि पोषण वाटिका के माध्यम से विद्यालय के बच्चे मौसमी फलों एवं हरी सब्जियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर पाएंगे एवं उनके पोषक तत्वों से रूबरू हो सकेंगे।डॉ0 सत्येन्द्र ने बताया कि विद्यालय के पोषण वाटिका के निर्माण एवं रखरखाव में विद्यालय के एमडीएम प्रभारी शिक्षक विद्यासुन्दर नन्दी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।मौके पर एमडीएम प्रभारी शिक्षक विद्यासुन्दर नन्दी मैजूद थे।