कृषि पशुपालन व सहकारिता मंत्री पहुंचीं मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र,प्रशिक्षणार्थी मत्स्य कृषकों का किया उत्साहवर्द्धन
किसान आगे आएं,सरकार करेगी हरसंभव सहयोग:शिल्पी नेहा तिर्की
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। हेमंत सोरेन सरकार में कृषि पशुपालन व सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सोमवार को धुर्वा स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र पहुंचीं।कृषि मंत्री ने प्रशिक्षणार्थी महिला-पुरुष मत्स्य कृषकों से संवाद किया। गिरिडीह जामताड़ा लोहरदगा सहित अन्य जिलों के मत्स्य कृषकों से बातचीत की।
शिल्पी नेहा तिर्की ने चाईबासा की मत्स्य कृषक योगिता गगराई,गिरिडीह निवासी मत्स्य बीज उत्पादक शाहिना खातून, जामताड़ा के किसान अरिंदम चक्रवर्ती,लोहरदगा के बायोफ्लाक पद्धति से मत्स्य पालन करने वाले किसान पहलवान तिवारी,चतरा के मत्स्य पालक सुभाष चंद्र यादव सहित अन्य मत्स्य कृषकों से संवाद किया।उन्होंने मत्स्य पालन के क्षेत्र में किसानों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्हें विभाग द्वारा हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
चाईबासा निवासी प्रगतिशील मत्स्य कृषक योगिता गागराई (अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर) ने शिल्पी नेहा तिर्की को बताया कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में विशेष कर महिलाओं के आगे आने से पलायन रोकने में काफी सफलता मिली है। ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। शिल्पी नेहा तिर्की ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग किया जाएगा।
मौके पर मत्स्य निदेशालय के निदेशक डॉक्टर एचएन द्विवेदी, उप मत्स्य निदेशक अमरेंद्र कुमार, उप मत्स्य निदेशक शंभू प्रसाद यादव, उप निदेशक संजय गुप्ता, कोल्हान प्रभारी उप मत्स्य निदेशक मरियम मुर्मू, उप मत्स्य निदेशक मनोज ठाकुर, मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र के मुख्य अनुदेशक प्रशांत कुमार दीपक सहित अन्य उपस्थित थे।





