प्रतिनिधि,दुमका। जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।बैठक में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने केसीसी की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में लगभग 1,05,000 किसान केसीसी से आच्छादित हैं।आवेदन सृजित करते हुए अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जाए।उन्होंने कहा कि पशुपालक, मत्स्य पालक,गव्य विकास के लाभुकों को चिन्हित करते हुए केसीसी से आच्छादित किया जाय।





मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि योग्य लाभुकों को अविलम्ब योजना का लाभ दिया जाय।इस दौरान जानकारी दी गयी कि लाभुकों को योजना की राशि उनके खाते में भेजी जा रही है।आवेदनों की जांच कर योग्य लाभुकों को चिन्हित किया जा रहा है।





उन्होंने निर्देश दिया कि वैसे किसान की सूची प्रकाशित की जाय,जिनका किसी त्रुटि के कारण मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के तहत दी जाने वाली राशि नहीं भेजी जा सकी है।जानकारी दी गयी कि इस श्रेणी में 6500 किसान हैं।20 अप्रैल तक इन किसानों को राशि भेज दी जाय।





उन्होंने निर्देश दिया कि कॉपरेटिव से जुड़े लोगों को भी केसीसी से आच्छादित किया जाय।पीएम किसान के ई केवाईसी कार्य को पूरा करें।





उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों के सॉयल हेल्थ कार्ड बनाने का कार्य किया जाय।साथ ही इस संबंध में हर महीने प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें।