प्रतिनिधि,चतरा/टंडवा। शुक्रवार को आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र के विस्थापित प्रभावित वाहन मालिक संघ की ओर से संयोजक आशुतोष मिश्रा ने प्रेस को बयान जारी किया है।उन्होंने कोल क्षेत्र में चलने वाले वाहन मालिकों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने बताया कि कई ट्रांसपोर्टरों द्वारा कोयला ढुलाई करने से पूर्व भाड़ा भुगतान के संदर्भ में दिए गए शपथ-पत्र के अनुरूप भाड़ा का भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे वाहन मालिकों के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं वर्षों पूर्व कई ट्रांसपोर्टरों द्वारा वाहन मालिकों का करोड़ों रुपए भाड़ा डकारने के बावजूद किसी ने अबतक सुध नहीं लिया है। वहीं संघ की ओर से पूर्व की घटनाओं पर सबक लेते हुए नियत समय में निर्धारित भाड़ा भुगतान को लेकर ट्रांसपोर्टरों द्वारा शपथ-पत्र दिए जाने के बावजूद अनुपालन नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर कई वाहन मालिकों द्वारा बताया गया कि ट्रांसपोर्टरों द्वारा पेपर व अनलोडिंग के नाम पर प्रति ट्रक तीन हजार रुपए काट लिया जाता है,ताकि सफेदपोशों को नजराना भेंट किया जा सके। उन्होंने बड़े पैमाने पर अवांछित धनोपार्जन की आशंका जताई है।
मजे की बात तो यह है कि ऐसे फर्जीवाड़े व बड़े पैमाने पर हो रहे आर्थिक अपराध जहां थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं अबतक स्थानीय थाना में किसी तरह का कोई मामला तक दर्ज नहीं हुआ है।इस बाबत आशुतोष मिश्रा ने कहा कि दो दिनों के अंदर समुचित साक्ष्यों के आधार पर स्थानीय थाना में धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े को लेकर ट्रांसपोर्टरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।





