पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को सीएमपीडीआई का दौरा किया और संस्थान के सतर्कता विभाग द्वारा किए गए निवारक सतर्कता उपायों की समीक्षा की।
इस अवसर पर सीएमपीडीआई के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार,निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) शंकर नागाचारी, निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, महाप्रबंधक (टीएस/पीआर) एसके दुबे, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) अमरेश कुमार समेत महाप्रबंधक व विभागाध्यक्षगण एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर सीएमपीडीआई के मुख्य सतर्कता अधिकारी सुमित कुमार सिन्हा ने एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से सीएमपीडीआई द्वारा किए जा रहे निवारक सतर्कता उपायों जैसे औचक निरीक्षण, निविदा फाइल जांच, आडिट रिपोर्ट जांच, प्रशिक्षण व सेमिनार आदि के बारे में संक्षेप में बताया।
इस अवसर पर श्री त्रिपाठी ने सीएमपीडीआई के सतर्कता विभाग के प्रयासों की सराहना की और औचक कोयला स्टाक माप करने के लिए कोल इंडिया की सहायक कंपनियों के सतर्कता विभाग को अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए सीएमपीडीआई की भी प्रशंसा की।





