पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दो सदस्यीय टीम गढ़वा जिले में पहुंची है।बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम के सीए मुकेश मित्तल के पीए हृदयानंद के घर पर नोटिस चिपकाने पहुंची है।जानकारी के अनुसार रांची से चल कर ईडी के दो अधिकारी गढ़वा पहुंचे हैं।बताया जा रहा है कि ये अधिकारी शहर थाना पहुंचे है,जहां से सुरक्षाकर्मियों को साथ लेकर शहर की ओर निकले। वहीं ईडी की टीम के गढ़वा आने की जानकारी मिलते ही उसके दायरे में मानने वाले लोग सकते में आ गये हैं।
वीरेंद्र राम के सीए पर काले पैसों को सफेद बनाने का है आरोप
बता दें कि वीरेंद्र राम के सीए मुकेश मित्तल पर आरोप है कि उसने वीरेंद्र राम के काले धन को सफेद करने में मदद की थी। वह निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के काले धन को कई हथकंडे अपनाकर सफेद बना देता था,जिसके बाद उन पैसों को वीरेंद्र राम के पारिवारिक सदस्यों के खाते में जमा करवा दिया जाता था। मुकेश मित्तल की वजह से वीरेंद्र राम काले धन को सफेद कर के अवैध रुप से पैसों का कारोबार कर रहा था।
फरवरी 2023 में हुई थी वीरेंद्र राम के घर छापेमारी
बता दें कि फऱवरी 2023 में टेंडर घोटाला से जुड़े मामले में वीरेंद्र राम के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी।ईडी द्वारा की गई छापेमारी के बाद यह बात सामने आई थी कि वीरेंद्र राम के पास 125 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। दो दिनों की छापामारी के बाद वीरेंद्र राम से गहन पूछताछ की गई थी। 22 फरवरी को लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने वीरेंद्र राम को गिरफ्तार कर लिया था। तब से लेकर अब तक वीरेंद्र राम जेल में बंद हैं। ईडी ने 21 अप्रैल 2023 को मामले में चार्जशीट दाखिल की थी,जिसमें वीरेंद्र राम की पत्नी, पिता, सीए समेत अन्य के नाम शामिल हैं।





