गिरिडीह।झारखंड के गिरिडीह केंद्रीय कारागार के अधीक्षक अनिमेष कुमार चौधरी से वाट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए दो करोड़ रूपए की रंगदारी मांगी गयी है।रंगदारी न देने पर जान मारने की धमकी दी गयी है।ये धमकी कुछ दिन पूर्व जेल अधीक्षक के सरकारी वाहन पर सवार प्रभारी कारापाल प्रमोद कुमार सिंह पर हुई गोलीबारी मामले में केंद्रीय कारागार में बंद आशीष कुमार साह को गैर कानूनी सुविधाएं न देने से जुड़ा हुआ है।आशीष 4 सितंबर से गिरिडीह जेल में है।





धमकी मिलने के बाद जेल अधीक्षक ने इस मामले की जानकारी गिरिडीह और बोकारो एसपी को दे दी है और साथ ही अधीक्षक की शिकायत पर रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।पुलिस अभी मामले में कुछ नहीं बोल रही है।





व्हाट्सएप कॉल नहीं उठाने पर आया मैसेज





मिली जानकारी के‌ अनुसार जेल अधीक्षक के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से पहले दो बार व्हाट्सएप कॉल आया।दोनों कॉल जेल अधीक्षक किसी कारणवश नहीं उठा पाए। इसके बाद जेल अधीक्षक को उसी अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में कई आपत्तिजनक बातें लिखी हुई थी और इसके अलावा दो करोड़ रुपए की मांग की गई थी।दो करोड़ न देने पर जान मारने की धमकी दी गयी थी।मैसेज के बाद दोबारा जेल अधीक्षक को उसी अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल से धमकी दी गई।जेल अधीक्षक को कॉल करने वाले ने जेल के सेल में सुरक्षात्मक कारणों से बंद बंदी आशीष कुमार साह को सेल से नहीं निकालने और अन्य गैर कानूनी सुविधाएं न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी तथा रुपए की मांग की गई।मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम मयंक सिंह लिखा था।





गिरिडीह केंद्रीय कारागार के अधीक्षक अनिमेष कुमार चौधरी ने कहा कि धमकी को लेकर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जेल में बंद कुछ लोग गैर कानूनी सुविधाएं चाहते हैं। सुविधाएं नहीं मिलने पर उनके द्वारा इस तरह की धमकी दी जाती है।