गिरिडीह।बिरनी में गुरुवार रात लगभग साढ़े नौ बजे अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी को लेकर बवाल मच गया। ग्रामीणों और पुलिस में झड़प हो गई। दोनों तरफ कई लोगों को चोट लगी है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार करने वाले जनता जरीडीह के एक व्यक्ति के यहां छापेमारी के लिए रात में पुलिस पहुंची और दो पेटी विदेशी शराब जब्त की। आरोपित छोटन राम को गिरफ्तार कर थाना ले जा रही थी। तभी घर की महिलाएं पुलिस से उलझ गईं।
जरीडीह मुखिया राजामणि सिंह से उनके घर की चहारदीवारी के अंदर ग्रामीण इसकी चर्चा कर रहे थे कि करीब साढ़े नौ बजे भारी संख्या में पुलिस पहुंची। चहारदीवारी के अंदर पुलिस गाड़ी पहुंची। इसके बाद ग्रामीण और पुलिस में झड़प हो गई। पथराव होने लगा।भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव में सरिया एसडीपीओ नौशाद आलम, थाना प्रभारी अमरजीत समेत कई पुलिस जवान, मुखिया और ग्रमीण घायल हो गए। पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
राजामणि सिंह ने बताया कि बिरनी पुलिस ने जरीडीह में किसी के यहां छापेमारी की। इसके बाद चली गई। इसकी खबर सुनकर ग्रामीण जरीडीह दुर्गा मंडप सह मुखिया के आवास के पास बातचीत कर रहे थे तभी काफी संख्या में पुलिस आ गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। ग्रामीणों ने विरोध किया तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की।
थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस छापेमारी के लिए गई थी, मगर ग्रामीण पुलिस से ही उलझ गए और पथराव करने लगे। स्वयं, डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी को चोट लगी है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। आधी रात तक मामला नियंत्रण में आ गया था। डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार को भी चोट लगी है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
एसपी गिरिडीह अमित रेणु ने बताया कि गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी की जा रही थी। विरोध हुआ तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। एक-दो को हल्की चोट आई होगी। पुलिस की तरफ से कोई जख्मी है तो पता करवा लेंगे। अभी शांति के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखनी प्राथमिकता है। अवैध शराब जब्त की गई है।





