पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह में सोमवार को झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव फेंका हुआ पाया गया।गांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीमंडहर में सोमवार की दोपहर एक व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई।मृतक की पहचान गांव के ही जागेश्वर राय के रूप में की गई। मृतक के शरीर में कई स्थानों पर गहरे जख्म के निशान पाए गए। मृतक का शव झाड़ियों के बीच संदेहास्पद स्थिति में मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की जानकारी गांवा थाना पुलिस को दी।





मामले की सूचना मिलते ही भाकपा माले के धनवार पूर्व विधायक राजकुमार यादव अपने समर्थकों के साथ पहुंचे।उन्होंने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की।कहा कि मृतक पूजा करने गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मृतक पूजा पाठ का भगत का कार्य करता था और समाजसेवी व्यक्ति थे। उन्होंने गांव में डायन बिसाही प्रथा को रूढ़िवादी बताते हुए लोगों से इससे बचने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशासन अविलंब इस हत्या में शामिल अपराधियों का पता लगाकर सजा दिलाने का कार्य करे। इसके साथ ही मामले में कोई भी निर्दोष इसमें फसना नहीं चाहिए। वही उन्होंने इस हत्या को लेकर कहीं बदले की भावना से अन्य लोगों की हत्या की आशंका जताई है।





इस दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के साथ मामले की जांच में जुट गई। वहीं दूसरी ओर जागेश्वर राय की लाश मिलने की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।





थाना प्रभारी महेश चंद्र ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहना उचित होगा। कहा कि फिलहाल शव की हालत देखते हुए कहा जा सकता है कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को झाड़ियों के बीच फेका गया है।