प्रतिनिधि, गोड्डा। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त गोड्डा की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।बैठक में उपायुक्त के द्वारा जिला समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त के द्वारा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पोषण ट्रैकर एप, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आधार सीडिंग, पूरक पोषाहार योजना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, टेक होम राशन से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।समीक्षा के क्रम में उपायुक्त के द्वारा सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को निर्देश दिए गए कि आवंटित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने की दिशा में कार्य पूर्ण करें अन्यथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी। प्रधानमंत्री मातृत्व बंदना योजना में उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिए गए सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं के द्वारा योग्य लाभुकों के आवेदन प्राप्त घर शत प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित कराया जाए।
उपायुक्त के द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिए गए पोषण ट्रैकर के माध्यम से रैंडम सर्वेक्षण कराया जाए एवं सर्वेक्षण की सूची मुख्यालय में सौंपी जाए। उपायुक्त के द्वारा सीडीपीओ को निर्देश दिया गया कि सेविका जब भी क्षेत्र भ्रमण में जाएं तो जियो टैग फोटो अनिवार्य रूप से लें।फोटो की जेरोक्स कॉपी कार्यालय में संलग्न करें।
उपायुक्त गोड्डा के द्वारा सेविका एवं सहायिका की बहाली को लेकर सभी सीडीपीओ से विभिन्न प्रखंड स्तर पर रिक्ति संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान सभी प्रखंडों के एलएस को उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिए गए कि टीएचआर की एंट्री प्रत्येक महीने कराया जाए।साथ ही साथ सेविका के द्वारा भी पोषण ट्रेकर पर एंट्री कराई जाए।
मौके पर बैठक में समाज कल्याण पदाधिकारी गोड्डा अनीशा कुजूर , सीडीपीओ महिला पर्यवेक्षिका एवं समाज कल्याण विभाग के कर्मीगण मौजूद थे।





