प्रतिनिधि,जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ आरडी टाटा तकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है,जिसके तहत पश्चिम बंगाल दुर्गापुर के नेताजी भवन में बीते 9 अक्टूबर को आयोजित कन्वेंशन क्वालिटी सर्कल कंपटीशन (सीक्यूसीसी) में टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इस दौरान कन्वेंशन क्वालिटी सर्कल कंपटीशन में कुल 86 प्रतिभागियों के ग्रुप ने हिस्सा लिया था,जिसमें एनटीटीएफ की टीम कयनोसुरे क्रू को केस स्टडी प्रेजेंटेशन के लिए स्वर्ण पदक दिया गया,जिसमें संस्थान की ओर से टीम लीडर आदित्य कुमार मिश्रा, डिप्टी लीडर लोकनाथ महतो, रिकॉर्ड कीपर अमन कुमार और टाइम कीपर अनीश कुमार ने को-ऑर्डिनेटर लक्ष्मण सोरेन व फैसिलिटेटर दीपक कुमार ओझा के नेतृत्व में प्रोजेक्ट ग्रेड स्कालर प्रस्तुत कर स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान को गौरवान्वित किया।





प्रतियोगिता का विषय के अनुरूप विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया,जिसमें उन्होंने यह बताया कि औद्योगिक इकाइयों में इसे किस तरह से प्रयोग में लाया जा सकता है और यह किस तरह लाभप्रद है। अद्भुत वाक्पटुता, समय प्रबंधन और विषय के प्रति गंभीरता के बलबूते टीम ने यह पुरस्कार अपने नाम किया है। जहां निर्णायक की भूमिका औद्योगिक इकाइयों के जाने माने क्वालिटी को-ऑर्डिनेटर ने निभाई। टीम को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही टीम के लौटने पर संस्थान की प्राचार्य प्रीता जॉन, रमेश राय, वरुण कुमार, दीपक सरकार, मंजर, मिथिला महतो समेत अन्य ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए छात्र छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की।