झारखंड के धनबाद जिले के सिजुआ क्षेत्र में कनकनी कोलियरी अंतर्गत कांटा घर के पास राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी स्थल पर शुक्रवार को संयुक्त मोर्चा व कंपनी समर्थकों के बीच हिसंक झड़प हो गई।इस दौरान यहां दर्जनों बम फोड़े गए।छह राउंड से ज्यादा गोलियां चलने से इलाका थर्रा उठा।घटना के बाद भगदड़ मच गई। कंपनी के एक हाइवा चालक को गोली लग गई।चालक का इलाज चल रहा है जबकि अन्य कई लोग घायल हुए हैं।सूचना पाकर लोयाबाद पुलिस के साथ एएसपी मनोज स्वर्गियारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया है। इसके अलावा झाड़ियों से बम से भरा थैला, सात जिंदा बम, दो खोखा, एक जिंदा गोली, तीन फूटे बम के अवशेष को पुलिस ने बरामद किया है। घटनास्थल से एक बाइक जब्त की गई है। मामले में छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।



मिली जानकारी के अनुसार पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी पुलिस की सहायता से दूसरी बार काम चालू करने लिए कशिश कर रही थी। इसी बीच संयुक्त मोर्चा समर्थक सैकड़ों ग्रामीण रोजगार की मांग को लेकर जुलूस की शक्ल में कार्यस्थल पहुंच गए। हाथ में झाड़ू-झंडा लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काम को रोक दिया। विरोध में कंपनी समर्थक सामने आ गए। इसके बाद दर्जनों बम और गोलियां चलीं। एक हाइवा चालक को गोली लग गई। घटना के दौरान थाना प्रभारी समेत पुलिस मूकदर्शक बनी हुई थी।राम अवतार आउटर्सोसिंग कंपनी प्रबंधन के सूरज सिंह ने पूर्व में ही लिखित आवेदन देकर शुक्रवार को कंपनी का काम शुरू करने की सूचना देते हुए सुरक्षा की मांग की थी।कंपनी ने दोपहर में पुलिस बल की मौजूदगी में काम शुरू किया। इसी बीच जनता मजदूर संघ तथा कांग्रेस सर्मथक भारी संख्या में जुलूस की शक्ल में कनकनी कांटा घर पहुंचे, जहां पहले से पुलिस बल के साथ तैनात लोयाबाद थाना प्रभारी चुन्नू मुर्मू ने जुलूस में शामिल लोगों को समझा-बुझा कर रोकने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी और लोग आगे बढ़ गए। इसके बाद जुलूस कार्यस्थल पर पहुंच गया और कंपनी के कर्मचारियों को खदेड़ते हुए काम को बंद करा दिया।



सभी आंदोलनकारी नारे लगाने लगे। थोड़ी ही देर के बाद कंपनी समर्थक भारी संख्या में कनकनी चार नंबर चानक की ओर से आए और देखते ही देखते वे लोग खुलेआम दर्जनों बम फेंकना शुरू कर दिया। 7-8 बम बड़े धमाके के साथ फूट गए। इस दौरान 5-6 राउंड गोलियां भी चलाई गईं, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा। संयुक्त मोर्चा में शामिल स्थानीय ग्रामीण भी अड़े हुए थे और पत्थरबाजी कर रहे थे। इस दौरान थोड़ी ही देर बाद कंपनी समर्थकों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। इस घटना के दौरान कंपनी के एक हाइवा चालक विशाल रवानी को पेट में गोली लग गई, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।



थाना प्रभारी चुन्नू मुर्मू ने कहा कि यह घटना कंपनी समर्थकों द्वारा की गयी है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी मनोज स्वर्गियारी के अनुसार गोली व बमबाजी के मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है। एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। एक बाइक को भी जब्त किया गया है। गोली-बम चलने की वजह का पता अभी तक नहीं चल सका है। एक व्यक्ति को गोली लगी है। जांच उपरांत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।