पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,टंडवा,चतरा। प्रखंड क्षेत्र में कई होटलों व लाइन होटलों में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर अवैध शराब के विक्रेताओं के विरूद्ध चतरा उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।उत्पाद विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में उड़सू से एनटीपीसी गेट नम्बर दो तक मुख्य सड़क स्थित कई होटलों में अचानक छापामारी से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।





विदित हो कि विशेष रूप से खनन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन होटल में कबाब के साथ शराब भी परोसा जाता है। अवैध शराब बिक्री का यह गोरखधंधा इन दिनों खनन क्षेत्र में काफी तेजी से फल फूल रहा है। इसी सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने होटलों में छापामारी कर अवैध शराब बिक्री करते शराब के साथ होटल संचालक को किया गिरफ्तार। उत्पाद विभाग की टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई की सूचना लीक होते ही कई अन्य होटल संचालक होटल अपने-अपने होटलों का शटर डाउन कर मौके से फरार हो गए।





उत्पाद विभाग और एक्साइज विभाग को कई दिनों से टंडवा क्षेत्र में होटल के आड़ में अवैध रूप से शराब बिक्री होने के गोरखधंधे की सूचना मिल रही थी। प्राप्त सूचना के आलोक में चतरा के उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा अचानक की गई छापामारी से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने की अफरा तफरी में होटल संचालक मौके से अपने-अपने होटल को बंद कर के फरार हो गए। इसी तरह अगर उत्पाद विभाग के द्वारा ढाबों में और होटलों में लगातार कार्रवाई की जाए तो क्षेत्र में अवैध शराब की खरीद बिक्री पर नियंत्रण पाया जा सकता है।