पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। लोकसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद कालीचरण सिंह ने शुक्रवार को अपने आवास पर बिजली विभाग के एसडीओ हरिमोहन चौधरी से मुलाकात की। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य चतरा की बिजली समस्याओं को सुलझाना था। कालीचरण सिंह ने चतरा में हो रही बिजली कटौती,लो वोल्टेज और अन्य बिजली संबंधित समस्याओं पर चर्चा की।
कालीचरण सिंह ने बताया कि चतरा के निवासियों को बिजली की अनियमितता के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापार और घरेलू कामकाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या से कई घरों में उपकरण खराब हो रहे हैं और सामान्य जीवन में बाधा आ रही है। बिजली विभाग के एसडीओ हरिमोहन चौधरी ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
एसडीओ हरिमोहन चौधरी ने बताया कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए विभाग कई योजनाओं पर काम कर रहा है।जल्द ही नई तकनीक और उपकरणों का इस्तेमाल करके बिजली वितरण प्रणाली को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे बिजली की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार होगा।कालीचरण सिंह ने कहा की जल्द से जल्द इनका समाधान करें। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए ताकि चतरा के लोग राहत महसूस कर सकें। हरिमोहन चौधरी ने सांसद को आश्वस्त किया कि वे इस दिशा में त्वरित और प्रभावी कदम उठाएंगे।





