बोकारो।बिजली विभाग ने राजस्व वसूली को लेकर तेवर सख्त कर लिया है।सख्त तेवर से 30 नवंबर तक चास सर्किल क्षेत्र के 3556 बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काटा गया है।विभाग का तीन करोड 64 लाख 85 हजार रुपए बकाया है। 30 नवंबर तक 261 लोगों पर विभाग की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इन पर 51.56 लाख रुपए जुर्माना किया गया है।
विभाग ने मारा छापा
बता दें कि इन दिनों जेबीवीएनएल की ओर से बकाया बिजली बिल वसूली करने के लिए लगातार निर्देश दिया जा रहा है। विभाग की ओर से कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित सभी कनीय अभियंता को राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।आदेशानुसार सभी प्रमंडल क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में बकायेदारों का कनेक्शन काटा जा रहा है और राशि वसूल की जा रही है।
चास प्रमंडल क्षेत्र में सबसे अधिक कनेक्शन काटा
जानकारी के मुताबिक 30 नवंबर तक बकायेदारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में चास प्रमंडल क्षेत्र में सबसे अधिक 1521 कनेक्शन काटे गए हैं।इनके पास विभाग का एक करोड़ 52 लाख 40 हजार रुपए बिजली बिल के रूप में बकाया है।तेनुघाट प्रमंडल में 1223 बकायेदारों का कनेक्शन काटा गया है।इन पर एक करोड़ 39 लाख 35 हजार रुपए बिजली बिल बाकी है।लोयाबाद प्रमंडल क्षेत्र में 812 लोगों का कनेक्शन कटा है।इन पर 73 लाख 10 हजार रुपए बकाया है।दूसरी ओर चास प्रमंडल क्षेत्र में 122 बकायेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर 25 लाख 78 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया है।तेनुघाट प्रमंडल क्षेत्र में 79 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर 19 लाख 85 हजार रुपए और लोयाबाद प्रमंडल में 60 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर पांच लाख 93 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया है।
लगातार की जा रही है कार्रवाई
चास सर्किल क्षेत्र के विद्युत अधीक्षण अभियंता डीएम साहू ने बताया कि बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ लगातार विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है और साथ ही कनेक्शन भी काटा जा रहा है।इसके अलावा बकायेदारों के खिलाफ संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है और जुर्माना वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का बकाया पांच हजार से अधिक है उनका कनेक्शन काटा जा रहा है।अगर समय पर बिल जमा नहीं हुआ तो विभाग की ओर से कार्रवाई की जायेगी।





