वाराणसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में 9वीं बार जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम पहले और दूसरे कार्यकाल के दौरान इस क्षेत्र में आठ जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। अब तीसरे कार्यकाल में 18 जून को आ रहे हैं।मेहदीगंज गांव में पीएम दूसरी बार जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले के अपने दो कार्यकाल में शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह से पहले 17 मई को पीएम वाराणसी आए थे। अपने दूसरे कार्यकाल में पीएम शपथ ग्रहण समारोह से पहले 27 मई 2019 को साढ़े चार घंटे के वाराणसी दौरे पर आए थे। पीएम ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया था और बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में अभिनंदन समारोह को संबोधित किया था। पहली बार ऐसा हुआ कि पीएम शपथ ग्रहण समारोह के बाद वाराणसी आ रहे हैं।
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में यहां हुए पीएम मोदी के कार्यक्रम
18 दिसंबर 2023 को बरकी गांव में जनसभा।
23 सितंबर 2023 को गंजारी गांव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास व जनसभा।
5 मार्च 2022 को खजुरी गांव में जनसभा।
25 अक्तूबर 2021 को मेहदीगंज में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के बाद जनसभा।
30 नवंबर 2020 को खजुरी गांव में एनएच-19 सिक्सलेन का लोकार्पण और जनसभा।
14 जुलाई 2018 को राजातालाब इलाके के कचनार गांव में जनसभा।
23 सितंबर 2017 को शाहंशाहपुर गांव में जनसभा।
7 नवंबर 2014 को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित जयापुर गांव में जनसभा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जून को मेहंदीगंज में किसानों से संवाद करेंगे। इससे पहले बम निरोधक दस्ते और दिल्ली से आई जांच एजेंसियों के अधिकारियों ने पीएम के लिए बनाए गए हेलिपैड के साथ ही मंच और पंडाल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद सेना के हेलिकॉप्टर ने टच एंड गो का रिहर्सल किया। मेहंदीगंज स्थित कार्यक्रम स्थल रविवार की शाम से एसपीजी के अधिकारियों की निगरानी में है और चौतरफा पुलिस तैनात कर दी गई है।





