प्रतिनिधि,बलियापुर। सुख समृद्धि के लिए उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महान पर्व छठ का समापन कहीं खुशी कहीं गम में तब्दील ही गई। सोमवार अहले सुबह बलियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महज 2.30 घंटे के अंदर एफसीआईएल कॉलोनी आरएमके 4/ 439 निवासी श्रवण कुमार यादव एवं आरएमके 4/436 निवासी राजू कुमार यादव चाचा - भतीजा छठ पूजा में शामिल होने गए। दो परिवारों के बंद आवासों को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार लाखों रुपए मूल्य के आभूषण, हजारों रुपए नगदी समेत कई कीमती सामानों की चोरी हुई है।





भुक्त भोगी के अनुसार सोमवार की सुबह लगभग 4:30 बजे श्रवण कुमार यादव एवं राजू कुमार यादव अपने आवासों को बंद कर अपने परिजनों के साथ सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देने शहरपुरा मंदिर छठ तालाब गए थे। सुबह 7:00 बजे लौटने पर उन्होंने अपने आवासों के मुख्य दरवाजे खुला पाया। घर के अंदर जाने के बाद होश उड़ गए।श्रवण कुमार के अनुसार घर के अंदर लोहे की अलमारी टूटी मिली एवं उसमें रखे 26000 रुपए नगद समेत उनकी बहू, बेटी और अपने रखें कीमती जेवरात एवं कपड़े गायब मिले, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 6 लाख बताई गई।वहीं राजू कुमार यादव के अनुसार घर के बक्से को तोड़ 6000 रुपए नगदी समेत लगभग दो लाख के जेवरात की चोरी की बात कही। जानकारी पर मौके पर पहुंचे बलियापुर थाना से एएसआई नंदकुमार सिंह ने चोरी की घटना की जानकारी पीड़ित परिवार से ली। पुलिस द्वारा पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया एवं चोरों द्वारा तोड़े गए ताले एवं बल्ब को कब्जे में लिया गया। बलियापुर थाना प्रभारी सूबेदार यादव ने कहा कि लिखित आवेदन मिलने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पीड़ित चाचा भतीजा एसीसी सिंदरी में ठेका श्रमिक हैं।