छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर विभावि छात्रों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
प्रतिनिधि,हज़ारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के समक्ष छात्र संघ चुनाव करवाने कि मांग को लेकर छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरु कर दिया।
आन्दोलन का नेतृत्व कर रहे अभिषेक राज ने कहा हम गर्व के साथ कहते हैं कि भारत को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का गौरव प्राप्त है,लेकिन लोकतंत्र की पहली सीढ़ी को ही हम बाधित करने पर तुले हुए हैं। इसमें कोई दोमत नहीं कि छात्र संघ लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करता है।क्योंकि इससे जनता का राजनीतिक प्रशिक्षण सुनिश्चित होता है और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विनोबा भावे विश्वविद्यालय में पिछले पांच वर्षों से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। यह छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला है। यह अपने आप में विरोधाभासी प्रतीत होता है कि एक तरफ तो आप 18 वर्ष की उम्र के छात्र-युवकों को जन-प्रतिनिधि चुनने हेतु वोट देने का अधिकार देते हैं और वहीं दूसरी ओर छात्र संघ चुनाव पर रोक लगा दी जाती हैं।यह कहां का न्याय है कि देश का छात्र संसद और लोकसभा के लिए जन-प्रतिनिधि चुन सकता है,लेकिन अपने कॉलेज में छात्र-प्रतिनिधि नहीं चुन सकता।छात्र संघ चुनाव के विरोध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आरोप लगाए जाते हैं कि इससे पढ़ाई का माहौल दूषित होता है। यहां प्रश्न उठता है कि दिल्ली विश्वविद्यालय जहां प्रतिवर्ष छात्र संघ चुनाव होते हैं।वहां की शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
आज विश्वविद्यालयों में शिक्षा का व्यावसायीकरण जोरों पर है।शुल्क में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। शिक्षा के मंदिर दुकान में तब्दील हो गए हैं। अयोग्य छात्र भी पैसे के बूते डिग्रियां खरीद रहा है जबकि प्रतिभाशाली छात्र पैसे के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित हो रहा है। वास्तव में, शिक्षा आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। प्रतिभाशाली छात्र असमानता का शिकार हो रहा है। शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य शैक्षिक गुणवत्ता के बजाय धन कमाना हो गया है।सवाल है कि ऐसी परिस्थितियों में विश्वविद्यालय प्रशासन की मनमानी के खिलाफ कौन आवाज बुलंद करेगा। एक आम छात्र के हक के लिए कौन सामने आएगा,जाहिर है छात्रों को ही अपने अधिकार के लिए एकजुट होना होगा।पीजी के छात्र अभिषेक राज भूख हड़ताल पर बैठे हैं बाकी छात्र उनका समर्थन कर रहे है ।
देर शाम छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष, रजिस्ट्रार, फाइनेंस,ऑफिसर ,सीसीडीसी, छात्रों से मिलने पहुंचे और समझा बुझा के भूख हड़ताल खत्म करवाने का कोशिश किया गया, छात्रों ने साफ कहा कि जब तक छात्र संघ चुनाव की घोषणा नहीं हो जाती भूख हड़ताल जारी रहेगा।मौके पर छात्र लवकुश पाण्डेय, कुणाल कुमार , गुलाम सरवर, धीरज कुमार,राज किशोर, राहुल, बंटी,अंकित भगत, राजगोपाल, सोनू,शुभम,आदि छात्र मौजूद थे।





