जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में अब जाना आसान नहीं होगा।सख्त सुरक्षा जांच से लोगों को गुजरना होगा और इसका एसएसपी ने निर्देश दिए हैं। जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वानन और सीसीआर डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता ने मंगलवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय और बार एसोसिएशन भवन का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।एसएसपी ने न्यायालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को चीते की तरह रहकर डयूटी करने के निर्देश दिए।सीसीटीवी कैमरे चेक किए।



एसएसपी ने कितने कैमरे लगे हैं और कितने कैमरे की जरूरत है,इसके बारे में भी जानकारी ली।न्यायालय में आने-जाने के लिए प्रवेश द्वार पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आने-जाने वाले लोगों को चेक किए बिना अंदर न जाने देने के लिए आदेश दिए।

आपको बता दें कि विगत दिनों धनबाद में जज की हत्या के बाद न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए एसएसपी ने ये निरीक्षण किया। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को आदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति को कोर्ट परिसर में प्रवेश से पहले उसकी अच्छी तरह से तलाशी लें। कोई संदिग्ध व्यक्ति कोर्ट परिसर में दिखाई दे तो उसे अलग से ले जाकर पूछताछ करें।उसका पहचान पत्र चेक करें। सीसीटीवी कैमरे पर निगाह रखें। एसएसपी ने कैदी हाजत को भी देखा। अदालत में बंदियों की पेशी किस तरीके से होती है, इसकी जानकारी ली। न्यायालय भवन के प्रवेश द्वार पर लगे मेटल डिटेक्टर सही तरीके से काम करे या नहीं, इसे भी देखा।