प्रतिनिधि,जमशेदपुर।झारखंड के जमशेदपुर की सड़कों पर जल्द ही महिलाएं इलेक्ट्रिक ऑटो दौड़ाते हुए नजर दिखेंगी। सब कुछ सही सलामत रहा तो जमशेदपुर की सड़कों पर अप्रैल से इलेक्ट्रिक ऑटो चलने लगेगा।





इस संबंध में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जमशेदपुर अक्षेस अंतर्गत रहने वाले इच्छुक व्यक्ति को एक ही इलेक्ट्रिक ऑटो दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय में आवेदन के लिए 250 रुपये का प्रपत्र शुल्क और सुरक्षा राशि के तौर पर 37500 रुपये जमा करना होगा।





छह अप्रैल को खोला जाएगा आवेदन





जमशेदपुर अक्षेस की ओर से 31 ईलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा की खरीद की गई है। ई-रिक्शा चलाने के लिए महिलाएं, एसएचजी ग्रुप की महिलाएं, थर्ड जेंडर और दिव्यांगों को प्राथिमकता दी जाएगी। इलेक्ट्रिक ऑटो चलाने के लिए जमा किए गए फार्म को समिति के समक्ष छह अप्रैल की संध्या खोला जाएगा। इसके बाद तकनीकि तौर पर सफल और योग्य पाए जाने पर निर्धारित शर्त के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो चलाने को दे दी जाएगी।





एक बार चार्ज होने पर चलेगी 120 किमी





जमशेदपुर अक्षेस की ओर से मंगाए गए 31 इलेक्ट्रिक ऑटो को एक बार चार्ज करने पर अधिकतम 120 किमी तक चल सकेगी। इस संबंध में विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक ऑटो को एक बार फूल चार्ज होने में छह घंटे का समय लगेगा।इसके लिए टाटा पावर की ओर से साकची बसंत सिनेमा के पास पार्किंग एरिया चार्जिंग स्टेशन बनाया है। इसके अलावा, टाटा स्टील ने बिष्टुपुर नार्दन टाउन, जुस्को कार्यालय के पास और बिष्टुपुर बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे पार्किंग एरिया में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है।