विशेष संवाददाता,रांची। भारतीय जनता युवा मोर्चा कला एवं खेल प्रकोष्ठ रांची महानगर की ओर से राष्ट्रीय जल संरक्षण अभियान का आयोजन धुर्वा स्थित अंबेडकर रीजेंट ऑक्सफोर्ड स्कूल में किया गया।इसका उदघाटन भारतीय जनता युवा मोर्चा कला एवं खेल प्रकोष्ठ रांची महानगर के संयोजक आशुतोष द्विवेदी, स्कूल की निदेशिका संगीता कुमारी, प्राचार्य अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा कला एवं खेल प्रकोष्ठ के संयोजक आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि धरती समस्त प्राणियों, वनस्तपतियो एवं जीव जंतुओं में जीवन शक्ति का संचार करने वाली जल की बूंदें बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के कारण जहर का कहर बनकर मानवता के अस्तित्व पर संकट का बादल बनकर छा रही है।आधुनिकता, विकास और अंतरिक्ष में बस्तियों को बसाने का सपना देखने वाला मनुष्य एक बहुत बड़ी भूल कर रहा है।यदि उसने जल के संरक्षण पर तुरंत ध्यान नहीं दिया,तो इस धरती से ही उसकी बस्तियां उजड़ जायेंगी। इसलिए स्वच्छ पेयजल का संकट इस धरती पर मानव अस्तित्व के लिए सबसे बड़ा संकट है। इसके समाधान के लिए व्यक्तियों, संस्थाओं और सरकारों को तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है। नदियों और परंपरागत जल स्रोतों के क्षेत्र फल का निरंतर घटता हुआ आकार मनुष्य के भविष्य पर आपदाओं के क्रूर प्रहर के रूप में दिखाई दे रहा है।शुद्ध और प्राकृतिक स्रोतों में प्राप्त होने वाला जल ही अमृत है,जो उसे जीवन शक्ति और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान कर क्रियाशील बनाता है। जल ही जीवन है। वैज्ञानिक तकनीक और विधियों से प्राप्त हो रहा पेयजल कभी भी शुद्ध एव प्राकृतिक रूप से प्राप्त होने वाला पेयजल का विकल्प नहीं हो सकता है। मनुष्य के स्वास्थ्य,प्रगति और समृद्धि के लिए जल संग्रक्षण अति आवश्यक है।
इस दौरान अंबेडकर रीजेंट ऑक्सफोर्ड स्कूल के विद्यार्थी गण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जा जाकर लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करेंगे।यह जानकारी अमन ने दी।





