जिले के सभी आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में एनेमिया की होगी जांच,आगामी 8 मई से 20 मई तक चलेगा विशेष अभियान,बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को मिला निर्देश





एनेमिया की जांच के लिए लोगों को जांच केंद्र तक लाएं जिला को एनेमिया मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिवद्ध:उपायुक्त





प्रतिनिधि,चतरा। उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर जिलान्तर्गत सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में विशेष अभियान के तहत दिनांक 8 मई से 20 मई तक एनेमिया जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।उपायुक्त द्वारा जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारीयों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय तक चलने वाले विशेष अभियान में अपने-अपने प्रखण्ड क्षेत्रान्तर्गत सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में विशेष अभियान के तहत रोस्टर अनुसार एनेमिया से ग्रसित मरीजों की जांच कराएंगे। साथ ही एनेमिया से ग्रसित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह के साथ साथ दवा भी उपलब्ध करायेगें।





उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने नजदीकी जांच केंद्रों में जाकर अपने एनिमिक होने की जांच करवाएं।शरीर में खून की कमी होने से विभिन्न रोग होते हैं। समय रहते इसका समुचित इलाज किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि जिले के आमजन चतरा को एनीमिया मुक्त करने की अभियान से जुड़ें।साथ ही न सिर्फ सरकारी कर्मियों की जिम्मेवारी है कि वे एनिमिक लोगों को जांच केंद्रों तक लाएं बल्कि समाज के जागरूक लोग भी इस मुहिम से जुड़े और लोगों को एनिमिया की जांच के लिए प्रेरित करें।





उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के प्रखंड प्रमुख से कराना सुनिश्चित करें और एनेमिया जांच कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाए।