प्रतिनिधि,जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी शराब की 110 दुकानें हैं,जिसमें बीते एक सप्ताह से ग्राहकों को शराब के साथ साथ चखना और पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही इसके लिए आबकारी विभाग से अनुमति भी नहीं ली गई है। नियमों को ताक पर रखकर चकना बेचने का यह खेल खुलेआम चल रहा है। मगर विभाग को इसकी खबर तक नहीं है। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि यह सारा खेल शराब दुकानों में मैन पावर सप्लाई करने वाले कंपनी के द्वारा खेला जा रहा है। वहीं यह कंपनी शराब दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों को 2 रुपए का चकना 10 रूपए में बेचने की बात कह रहे हैं,जिसके कारण शराब दुकान में काम करने वाले कर्मचारी भी परेशान है। बीते एक सप्ताह से जिले के सभी 110 दुकानों में चखना बेचने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है और जिसका पैसा मैन पावर सप्लाई करने वाली ठेका कंपनी के सीधे पॉकेट में जा रही है। बावजूद इसके आबकारी विभाग मौन साधे हुए हैं। मामले में हमने नवनियुक्त उत्पादन आयुक्त रामलीला रवानी से भी जानने की कोशिश की। मगर उन्होंने दो-दो बार कॉल रिसीव नहीं किया।