प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई गोलीकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने खुलासा करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनके पास से पुलिस ने हथियार और खोखा समेत भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जुगसलाई तूती होटल हबीब नगर निवासी मो. अरमान उर्फ राजा, पुरानी बस्ती गोश्त मार्केट निवासी मो. अमानूद्दीन और इस्लाम नगर का रहने वाला मो. शादाब हुसैन शामिल है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा समेत एक अन्य देसी कट्टा, खोखा, मोबाइल और स्कूटी संख्या जेएच 05 बीपी - 1972 को भी बरामद किया है।





मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस ऑफिस में एसपी सिटी के. विजय शंकर ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। वार्ता में एएसपी सुमित अग्रवाल, जुगसलाई थाना प्रभारी कुणाल कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वहीं मामले में एसपी सिटी ने बताया कि 19 मार्च की रात्रि पुराने विवाद और मारपीट के कारण विक्की उर्फ जाहिद हुसैन के साथ गोली चालन की घटना घटी थी,जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल के बयान पर मामला दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में सबसे पहले आरोपी मो. अरमान उर्फ राजा को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा भी बरामद किया,जिसके बाद पुलिस ने मोहम्मद अमानुद्दीन और शादाब हुसैन को गिरफ्तार किया। इनके पास से भी पुलिस ने एक देसी कट्टा, खोखा और स्कूटी बरामद किया। वहीं पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि घायल विक्की उर्फ जाहिद हुसैन रास्ते में मिलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज करता था। जब कभी भी वे तीनों उसकी गली से गुजरते थे तो वह तीनों के साथ इसी तरह का बर्ताव करता था,जिससे सभी को काफी शर्मिंदगी महसूस होती थी,जिसके कारण तीनों ने उससे बदला लेने की ठान ली,जिसके बाद साजिश के तहत विक्की को 19 मार्च की रात्रि नदी किनारे ले जाकर तीनों ने गोली मार दी। जो उसके पैर में लगी। साथ ही घटना को अंजाम देने के बाद सभी वहां से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।