वरीय संवाददाता,रांची। आर्मेनिया (अजरबैजान) के येरेवन में आयोजित जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2023 (54 कि. ग्रा. वर्ग) में झारखंड की अमीषा केरकेट्टा ने फाइनल में जगह बना ली है। सुश्री केरकेट्टा ने बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सेमीफइनल में पोलैंड के बॉक्सर एवं यूरोपियन चैंपियन को हराकर यह सफलता हासिल की है। इसके पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मैक्सिको के बॉक्सर को हराकर उन्होंने सेमीफइनल में अपनी जगह बनाई थी। ज्ञात हो कि यह बॉक्सिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन आर्मेनिया के येरेवन में 23 नवंबर, 2023 को किया गया था जो 4 दिसंबर, 2023 तक चलेगा।





झारखण्ड के सिमडेगा जिले के कोनपाला पंडरीपानी गांव की निवासी सुश्री अमीषा केरकेट्टा वर्ष 2018 से सीसीएल और झारखण्ड सरकार के संयुक्त पहल से चलायी जा रही खेल अकादमी झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (जेएसएसपीएस) से मुक्केबाज़ी के प्रशिक्षक द्रोणाचार्य अवार्डी कैप्टेन ब्रज भूषण मोहंती से प्रशिक्षण ले रही है। इनके पिता दिलीप केरकेट्टा एवं माता श्रीमती प्रभा केरकेट्टा पेशे से किसान हैं और अपने घर पर ही रहकर खेतीबारी करते हैं।





ज्ञात हो कि यह पहली बार है जब जेएसएसपीएस की कोई बॉक्सर देश का प्रतिनिधित्व कर रही है। सुश्री केरकेट्टा इस प्रतियोगिता के अलावे कई राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई मेडल जीत चुकी है।





सीसीएल के सीएमडी डॉ. बी वीरा रेड्डी के कुशल नेतृत्व में कंपनी अपनी विभिन्न सीएसआर योजनाओं के तहत कमान क्षेत्र के साथ - साथ राज्य के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के खेल को निखारने के उद्देश्य से उन्हें समुचित प्रशिक्षण मुहैया करा रही है ताकि वे राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें।सीसीएल का यह सार्थक प्रयास रंग ला रहा है, जिसका परिणाम सुश्री अमीषा केरकेट्टा और अन्य खिलाड़ियों के विजयी पताका के रूप में सामने आ रहा है। सीएमडी, सीसीएल डॉ. रेड्डी ने सुश्री केरकेट्टा की प्रतिभा को सराहा है और उनके उज्जवल भविष्य और फाइनल में जीत के लिए शुभकामनायें दी। इसके अलावा सीसीएल के सभी निदेशकगणों एवं सीवीओ, सीसीएल ने भी फाइनल मुकाबले में सुश्री केरकेट्टा की जीत के लिए शुभेक्षाएं दी।





इतना ही नहीं दिनांक 3 दिसंबर को जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2023 के फाइनल एवं खिताबी मुकाबले में केरकेट्टा के विजय की कामना झारखण्ड तथा देश के सभी लोग कर रहे हैं ।