वरीय संवाददाता,रांची।झारखंड कंज्यूमर प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने एफएमसीजी डिस्ट्रीब्यूटर की समस्या को देखते हुए शहर से सटे क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया की भांति भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।जेसीपीडीए के अध्यक्ष संजय अखौरी ने कहा कि शहर में दिन के समय में नो एंट्री के कारण बड़ी ट्रकों/गाड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित होने से डिस्ट्रीब्यूटर्स को परेशानी होती है,जिस कारण आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन बाधित होती है।शहर के समीप रिंग रोड में सस्ते दर पर भूमि आवंटित करने से डिस्ट्रीब्यूटर अपने व्यापार को सुगमता से संचालित कर सकेंगे। राज्य से बड़ी बड़ी कम्पनियों के अन्य राज्यों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी होने पर भी उन्होंने चिंता जताई और मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की। यह कहा गया कि गोदामों और व्यवसायिक परिसर पर अनाधिकृत निर्माण के मामले बड़ी संख्या में लंबित हैं,जिस कारण कॉरपोरेट कंपनियां इन परिसरों में काम नहीं कर रही हैं और कोलकाता और आसपास के राज्यों से काम करने के लिए विवश है। इन कंपनियों के अन्य राज्यों में शिफ्ट होने के कारण प्रदेश का व्यापार बहुत हद तक बाधित हो रहा है,जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और प्रदेश के लोगों को रोजगार का भी नुकसान हो रहा है। यदि इन गोदामों के निर्माण को नियमित कर दिया जाता है तो निश्चित तौर पर इससे राज्य को काफी हद तक लाभ होगा। उक्त जानकारी जेसीपीडीए के अध्यक्ष संजय अखौरी ने दी।





