ज्ञान हमें फैलाना है,नशे को दूर भगाना है:तपन कुमार शांडिल्य





डीएसपीएमयू द्वारा नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक आयोजित





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के नए प्रशासनिक भवन में स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत एक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया। एसजेएमसी के फिल्म मेकिंग के विद्यार्थियों ने संजय लाल के दिशा निर्देशन में ड्रग एडिक्शन विषय पर काफी सारगर्भित तरीके से नशाबंदी पर एक सार्थक संदेश देने का प्रयास किया। इसके माध्यम से उन्होंने यह बताया कि नशा न सिर्फ स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारिक है, बल्कि ऐसा कर व्यक्ति परिवार, समाज और राष्ट्र को भी पतन की ओर ढकेलता है।





कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ.तपन कुमार शांडिल्य ने विद्यार्थियों के नुक्कड़ नाटक के प्रदर्शन को सराहते हुए कहा कि गत दिनों झारखंड सरकार द्वारा आयोजित नशा मुक्ति अभियान से संबंधित एक महत्त्वपूर्ण आधिकारिक बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान अपने विभिन्न संचार माध्यमों से नशा मुक्ति के खिलाफ नियमित अंतराल पर अभियान चलाएं। नुक्कड़ नाटक उसी श्रृंखला की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में डाॅ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय सेमिनार, नुक्कड़ नाटक,पोस्टरों के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान चलाएगा, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक संदेश प्रेषित किया जा सके।कहा कि नशे से ग्रसित व्यक्ति न सिर्फ अपने लिए बल्कि परिवार,समाज और राष्ट्र के लिए भी एक नकारात्मकता का वातावरण तैयार करता है।





इस मौके पर स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के निदेशक प्रो.राजेश कुमार सिंह, शिक्षक रवि प्रकाश, दीप्ति गौरव, मितेश के अलावा नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले विद्यार्थियों विभागोय विद्यार्थियों अनादि पाठक, कुमार रिशव, तुषार कुमार सोनी, आशीष उरांव, अभिषेक पांडे, कुमार शिवम, निमिषा भट्ट, अनीश कुमार, निखिल कुमार, आकाश गुप्ता, विकास कुमार और रितिक कुमार की उपस्थिति रही।