धनबाद।दिल्ली में आज शुक्रवार कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में झरिया पुनर्वास (मास्टर प्लान) पर अहम बैठक होगी। बैठक में पुनर्वास पर गठित एक्सपर्ट कमेटी, बीसीसीएल, जेआरडीए एवं झारखंड सरकार के अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक को लेकर कोयला मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटर एम नागराजू ने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पुनर्वास से संबंधित मामले की बीसीसीएल अधिकारियों से जानकारी ली।
वीसी के बाद बीसीसीएल सीएमडी दिल्ली रवाना हो गए। बैठक में पुनर्वास पर तैयार ड्राफ्ट पर चर्चा होगी। इसके बाद ही संशोधित प्लान को कैबिनेट में ले जाने पर सहमति बनेगी। आधिकारिक सूत्रों की मानी जाए तो झरिया पुनर्वास के तहत कई प्रभावित साइट को पुनर्वास से अलग रखे जाने की चर्चा है। पहले ही बीसीसीएल की ओर से मंत्रालय को अवगत कराया गया है कि लगभग 200 साइट को बीसीसीएल पुनर्वास से अलग कर अपने स्तर से काम करेगी। यानी बीसीसीएल और जेआरडीए की भूमिका अब ज्यादा स्पष्ट होने वाली है।
परियोजना संभावित क्षेत्र में पुनर्वास और फायर फाइटिंग के काम में बीसीसीएल का रोल ज्यादा होगा। वहीं आबादी बहुल क्षेत्र में जेआरडीए की भूमिका होगी। वैसे सभी मामलों पर दिल्ली बैठक में चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। बीते माह 21 सितंबर को बीसीसीएल दौरे पर एडिशनल कोयला सचिव आए थे। तब उन्होंने बीसीसीएल अधिकारियों के साथ-साथ जेबारडीए के प्रबंध निदेशक सह डीसी धनबाद संदीप सिंह से पुनर्वास पर विस्तृत चर्चा की थी। संकेत यह है कि बैठक के एजेंड़े में संशोधित पुनर्वास योजना के साथ रैयतों का पुनर्वास बड़ा मुद्दा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भूमिगत आग प्रभावित क्षेत्र से रैयतों के पुनर्वास पर भी विस्तार से बात होगी।





