विशेष संवाददाता



जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जमशेदपुर नगर सचिव नंदू सरकार को रविवार एक जानवर की खरीद-बिक्री करने के मामले में साकची थाने में जाकर पैरवी करना काफी महंगा पड़ा है। उन्हें थाने में पुलिसकर्मियों ने कहा कि बाहर निकलो नहीं तो लाठी उठानी पड़ेगी। जिसपर उन्होंने थाने के तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए झामुमो समर्थकों के साथ खूब बवाल काटा। साथ ही विरोध करते हुए झामुमो कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की है।





घटना के बाद नगर सचिव ने साकची थाना प्रभारी से मामले की लिखित शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे मामले को कोल्हान के सभी विधायकों के साथ-साथ सीएम तक लेकर जायेंगे। बावजूद इसके अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो वे बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे।