प्रतिनिधि,साहिबगंज। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन ने संथाल परगना में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वह संथाल परगना में तूफानी चुनावी दौरा और सभा कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को जिले के राजमहल लोकसभा संसदीय क्षेत्र के मंडरो प्रखंड अंतर्गत धनबासा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया महा गठबंधन राजमहल, दुमका और गोड्डा सीट जीतने जा रही है।
कल्पना सोरेन ने राजमहल लोकसभा उम्मीदवार विजय कुमार हांसदा के पक्ष में वोट करने की अपील की। झामुमो स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन के साथ मंच पर पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, जेएमएम प्रत्याशी विजय हांसदा, मंडरो जिला परिषद् सदस्य धनंजय सोरेन, झामुमो जिलाध्यक्ष शाहजहां अंसारी, जिला प्रवक्ता सह सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह, व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बबलू मिश्रा समेत अन्य झामुमो सदस्य मौजूद थे।
इसके पूर्व कल्पना सोरेन के मंच के पास पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंच को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने भाजपा के विरुद्ध जमकर हुंकार भरी। बता दें कि राजमहल, दुमका और गोड्डा संसदीय क्षेत्र में अंतिम चरण का चुनाव एक जून को होना है।





