धनबाद।भोजपुरी और मगही भाषा के विवाद पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर झारखंड के वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने पलटवार किया है।सीएम नीतीश द्वारा बिहार और झारखंड को भाई-भाई कहे जाने पर उरांव ने कहा कि सीएम नीतीश बिहार के जिलों में रहने वाली उरांव और संताल जातियों के लोगों की भाषा उरांव और संताली को अपने बिहार राज्य के नौकरियों में मान्यता क्यों नहीं दे रहे।



बुधवार को दुमका में उरांव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार के बांका, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, बगहा, बेतिया जैसे जिलों में संताल और उरांव समाज के लोग काफी संख्या में रहते हैं। उरांव ने कहा कि बिहार से झारखंड के अलग होने पर भाषा-संस्कृति-समुदाय के भी मुद्दे शामिल थे। ऐसे में सीएम इस निर्णय को लेने के लिए स्वतंत्र हैं।



वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि राज्य खाद्य निगम गोदामों के प्रबंधकों के खाली हो गए सभी पदों पर बहुत जल्द ही नियुक्ति की जाएगी और बहाली संविदा के आधार पर होगी। उरांव ने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग के अन्य खाली पदों पर भी झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा नियुक्ति होनी है।राज्य के कई अनाज गोदामों में रखे अनाज के सड़ने की शिकायत मिली है। इन मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।