संवाददाता,बरही।झारखंड प्रदेश के जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ के सदस्यों की आवश्यक बैठक जिला परिषद कार्यालय रांची में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष दुमका जॉयस बेसरा व संचालन किशुन यादव ने किया।बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के हक व अधिकार को लेकर चर्चा की गई।संगठन की मजबूती के साथ-साथ अपने-अपने जिला परिषद क्षेत्र में विकास संबंधी योजनाओं के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन करने पर चर्चा की गई।





बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया,जिसमें जिला परिषद अध्यक्ष दुमका जॉयस बेसरा को संघ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव को संघ का प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। दूसरे राज्यों की तरह झारखंड राज्य में भी नियमावली बनाने की मांग की जाएगी। इसके लिए जल्द ही सभी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष राज्यपाल से मिलेंगे।