रांची।झारखंड विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र सोमवार को होना है।सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार जहां सदन का विश्वास हासिल करेगी तो वहीं कई अहम फैसलों पर भी मुहर लग सकती है।झारखंड में भी बिहार की तरह जातिगत जनगणना हो सकती है। इसके प्रस्ताव पर सदन में चर्चा होने की संभावना है। वहीं 1932 के आधार पर स्थानीयता लागू करने से लेकर ओबीसी-एससी-एसटी आरक्षण में बढ़ोतरी का प्रस्ताव लाया जा सकता है। सरकार इसकी तैयारी में जुट गई है।
इस बीच चर्चा है कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डेरा जमाए हुए यूपीए के विधायक विशेष सत्र में शामिल होने के लिए आज रविवार शाम या सोमवार को सत्र के दिन ही सीधे राजधानी रांची पहुंचेंगे।संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि विशेष सत्र में कई प्रस्ताव आ सकते हैं। कांग्रेस के विधायकों ने जातिगत जनगणना की मांग की है। इसका प्रस्ताव लाया जा सकता है और चर्चा हो सकती है। इसी तरह स्थानीयता निर्धारित करने से लेकर ओबीसी आरक्षण कोटा बढ़ाने की मांग की गई है। इसपर भी इस सत्र में प्रस्ताव लाया जा सकता है।
राज्यपाल कल लौटेंगे
राज्यपाल रमेश बैस दिल्ली में हैं।वह निजी कारणों से दिल्ली गए हैं,लेकिन सियासी हल्कों में मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ा जा रहा है।उम्मीद है कि राज्यपाल के लौटने पर हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता पर उनका फैसला सार्वजनिक हो सकता है।जानकारी के अनुसार राज्यपाल अब रविवार के बजाय सोमवार को रांची लौटेंगे। दूसरी ओर विधानसभा सविचालय सोमवार को होने जा रहे विशेष सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।





