झारखंड विधान सभा प्राक्कलन समिति पहुंची चतरा
सभापति की अध्यक्षता में सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ आहूत समीक्षात्मक बैठक संपन्न
विगत 03 वर्षों से संचालित विविध योजनाओं के प्राक्कलन एवं व्यय की हुई समीक्षा
विधान सभा प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष व माननीय सदस्य के चतरा आगमन पर उपायुक्त ने पौधा भेंट कर किया स्वागत
प्रतिनिधि,चतरा। झारखंड विधान सभा प्राक्कलन समिति शनिवार को चतरा पहुंची।परिसदन चतरा के सभागार में झारखंड विधान सभा की प्राक्कलन समिति के सभापति निरल पुरती एवं सदस्य राज सिन्हा एवं दशरथ गगरई की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ विगत 3 वर्षों से संचालित योजनाओं के प्राकलन एवं व्यय की समीक्षा बैठक आहुत की गई।
इस दौरान सभापति के द्वारा ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, एनआरईपी, जिला परिषद, भूमि संरक्षण सहित अन्य सभी विभागों में विगत 3 वर्षों से संचालित योजनाओं से संबंधित प्राकलन एवं व्यय आदि की विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। इस अवसर पर समिति के द्वारा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आलोक में संबंधित विभाग के तहत पिछले तीन वर्षों के दौरान क्रियान्वित विविध योजनाओं की गहन समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सभापति ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। सभापति जिले में क्रियान्वित योजनाओं का किए जा रहे कार्य सड़क, भवन इत्यादि का औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्राकलन में दिए गये दिशा निर्देश के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।विधानसभा की प्राकलन समिति के सभापति निरल पुरती, सदस्य राज सिन्हा एवं दशरथ गगरई के चतरा आगमन पर उपायुक्त अबु इमरान एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पौधा भेंट कर स्वागत किया।उक्त मौके पर सूबे के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता के चतरा परिसदन आगमन पर उन्हें भी पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
इस मौके पर उपायुक्त अबु इमरान, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीना, अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल,अनुमंडल पदाधिकारी चतरा मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सुधीर कुमार दास, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, नगर परिषद कार्यपालक अभियंता अभय कुमार झा, पेय जल एवं स्वक्षता प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता अवीक अंबाला, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्र, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिषेक बड़ाइक, व अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।





