रांची।झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए अलग कमरा आवंटित करने को लेकर जबरदस्त बवाल मचा हुआ है।ये बवाल थम नहीं रहा है।विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित पर सोमवार को भी पक्ष और विपक्ष में जमकर तकरार हुई।मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायकों ने स्‍पीकर को जय श्रीराम अध्‍यक्ष जी कहकर सम्‍बोधित किया।हो रहे हंगामे के बीच नाराज होकर स्‍पीकर रवीन्‍द्र नाथ महतो ने कहा कि आप विरोध करें लेकिन आसन का मजाक न उड़ाएं। मैं भी इंसान हूं मेरा भी दिल दुखता है। विधानसभा स्‍पीकर ने कहा कि इसके अलावा भी किसी देवता का नाम लेना है तो ले लीजिए। इस पर स्‍पीकर को सम्‍बोधित करते हुए भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि देवताओं का नाम लेने में आसन को दिक्कत क्या है। इसके पहले भाजपा विधायक नमाज कक्ष आवंटन के खिलाफ विधानसभा में हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। भाजपाइयों ने सदन में जोरदार हंगामा किया। हनुमान चालीसा पाठ के बीच भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधानसभा में नमाज आवंटन के खिलाफ विरोध नही रुकेगा। सरकार जब तक यह फैसला वापस नहीं ले लेती तब तक विरोध जारी रहेगा। विधायकों के हंगामे के बीच साढ़े 12 बजे के करीब स्‍पीकर ने सदन की कार्यवाही स्‍थगित कर दी। इस मुद्दे पर विधायक सीपी सिंह ने कहा, 'अध्यक्ष जी आप सदन में सर्वमान्य हैं। लेकिन जब आप एक आंख में काजल और एक आंख में सुरमा लगाते हैं तो हम विधायकों को भी तकलीफ होती है।सीपी सिंह ने कहा कि यदि कार्यमंत्रणा में तय मुद्दे सदन में नहीं आते तो यह बहुत ही तकलीफदेह है। हंगामे के बीच झामुमो के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी का भी विरोध दिखा। मरांडी ने कहा कि आसन के ऊपर जूता फेंकने वाले लोग आचरण नहीं सिखाएं। विधायक ने कहा कि मैं देख रहा हूँ कि स्पीकर अपने आसन पर दो बार खड़े हो चुके हैं। प्रदर्शन कर रहे विधायकों को चाहिए कि जब स्पीकर खड़े हों तो वे वेल से वापस आकर अपनी सीट पर बैठ जाएं।