विशेष संवाददाता,रांची। झारखंड शराब व्यापारी संघ के महासचिव सुबोध कुमार जयसवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।उन्होंने झारखंड के शराब व्यापारियों के हित में लॉटरी के माध्यम से शराब दुकानें आवंटित करने की मांग की। उन्होंने सीएम को कई सुझाव लिखित में भी दिया।
सुबोध कुमार जयसवाल ने मुख्यमंत्री से कहा कि झारखंड के शराब व्यापारियों की परेशानियों को देखते हुए पुनः झारखंड के शराब व्यापारियों के हित में लॉटरी के माध्यम से स्थानीय शराब व्यापारियों को रोजगार देने का निर्णय लिया जाय। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्मरण दिलाते हुए कहा कि सत्ता संभालते समय शपथ लेते हुए कहा गया था कि स्थानीय मूलवासी-आदिवासी को भी शराब व्यापार से जुड़ने का अवसर दिया जाएगा।इससे सरकार को बिना कुछ खर्च किए ही एडवांस में राजस्व की प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में सिक्योरिटी (मिनिमम गारंटी रेवन्यु) दो महीने का जमा करवा लिया जाता था, इससे सरकार को एडवांस में करोड़ों रुपए राजस्व मिल जाता था। उन्होंने कहा कि मैनपावर के लिए जो तीन टेंडर पड़ा है, उसे बहुत ही कम बैंक गारंटी लेकर देने की क्या मजबूरी है।
सुबोध कुमार जयसवाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शराब व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार न हो। उन्होंने सुझाव दिया कि फिलहाल अभी जेएसबीसीएल द्वारा संचालित शराब दुकान को जेएसबीसीएल के माध्यम से अप्रैल तक चलाया जाए और सरकार संशोधन विधेयक पारित कर मई माह से लॉटरी सिस्टम से दुकानों का आवंटन कर राज्य हित में यथाशीघ्र निर्णय लिया जाए। क्योंकि वितीय वर्ष शेष होने में मात्र नौ दिन ही बचे हैं।
सुबोध कुमार जयसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके अनुरोध व सुझावों को गंभीरता से लेते हुए यथोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।





