झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों ने बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव के आप्त सचिव अरविंद कुमार के माता पिता की घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई है। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के कुंड मुहल्ला में डा.जीपी सिंह के क्लीनिक के करीब बुधवार की रात अपराधियों ने 75 वर्षीय फौजी राजेश्वर चंद्रवंशी व उनकी 70 वर्षीय पत्नी शर्मिला देवी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार की सुबह पलामू के एसपी चंदन सिन्हा घटना स्थल पर पहुंचकर विस्तार से जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फौजी राजेश्वर व उनकी पत्नी रात को खाना खाकर घर में सोये हुए थे।गुरुवार की सुबह गार्ड जब उनके घर पहुंचा तो दरवाजा दोनों तरफ से बंद था।गार्ड ने किसी तरह से झांक कर देखा तो पता चला राजेश्वर और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई है।गार्ड ने इसकी सूचना तत्काल आसपास के लोगों को और पुलिस को दी।हत्या की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस व डीएसपी सुरजीत कुमार मौके पर पहुंचे।थोड़ी देर में ही पलामू एसपी चंदन सिन्हा भी पहुंच गए। गार्ड ने बताया कि वो बुधवार शाम 6 बजे घर की सफाई करके चला गया था। गुरुवार की सुबह यहां आया तो देखा कि बाहर के दरवाजे पर खून लगा है और दरवाजा बंद है।झांक कर देखा कि दोनों का शव पड़ा है। इसके बाद उसने पड़ोसियों को और पुलिस को जानकारी दी।पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस मामले की जांच के लिए फारेंसिक टीम और डॉग स्क्वायर्ड को भी बुलाया गया।मामले में परिवार के साथ पुरानी दुश्मनी की आशंका से लेकर संपत्ति विवाद तक के एंगल को सामने रखकर जांच शुरू की गई है।





