पश्चिम सिंहभूम।झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस अफीम के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।इसके बाद भी अफीम के कारोबार ने जिले को धीरे-धीरे अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया है।पुलिस ने अफीम की तस्करी करने वाले सीआरपीएफ जवान समेत 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2 किलो अफीम और दो लाख 95 हजार रुपए के अलावा अन्य चीजें जब्त की हैं।





चक्रधरपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की चक्रधरपुर में तस्करों द्वारा अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है।इस सूचना पर पुलिस द्वारा एक छापामारी दल का गठन किया गया। जिसमें चक्रधरपुर के बीडीओ दंडाधिकारी के रूप में मौजूद थे।छापामारी दल ने सोनुआ-चक्रधरपुर सड़क मार्ग में स्थित पदमपुर गांव में पांच लोगों को अफीम की खरीद-बिक्री करते हुए देखा।जिसके बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।एक व्यक्ति मौके से भाग निकला।गिरफ्तार सीआरपीएफ जवान रवि कुमार जालंधर (पंजाब) में तैनात है। नशे के कारोबार के लिए वह चक्रधरपुर आया हुआ था। चक्रधरपुर पुलिस ने रवि कुमार के अलावा पंजाब फजिलका जिले के बलवीर चंद, टेबो थाना क्षेत्र के फ्रांसिस लुगुन और खूंटी के मुरुह थाना क्षेत्र के बुधुवा पूर्ति को गिरफ्तार किया है।





पुलिस पूछताछ में पंजाब के फजिलका जिला निवासी रवि कुमार और बलवीर चंद ने अपना गुनाह कुबूल करते हुए पुलिस को बताया है कि वे लोग फ्रांसिस लुगुन और जॉन बोदरा से अफीम खरीद कर पंजाब और दिल्ली में बेचते हैं। पुलिस ने इनके पास से अफीम और रुपए के अलावे 4 मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रिक तराजू, 11 एटीएम कार्ड, 1 बंडल चेक बुक और दो क्रेडिट कार्ड भी बरामद किया है। गिरफ्तार चारों लोगों से पुलिस ने पूछताछ करने के बाद सभी को शनिवार को चाईबासा न्यायलय में पेश कर जेल भेज दिया है।फरार जोहन बोदरा की तलाश में पुलिस की छापामारी जारी है।