प्रतिनिधि,जमशेदपुर।पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के रूप में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टीएसयूआईएसएल) ने शुक्रवार पेड़ लगाकर वन महोत्सव मनाया। वहीं 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सीआरएम बारा, सिदगोड़ा सिटी फॉरेस्ट, कदमा बायोडायवर्सिटी पार्क, सिटी फॉरेस्ट कदमा, सिदगोड़ा चिल्ड्रेन पार्क, एग्रिको नेचर ट्रेल और जुबली पार्क रोड एवेन्यू समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में 25 प्रजातियों के 7000 से अधिक पेड़ लगाए गए। वृक्षारोपण अभियान टाटा स्टील यूआईएसएल की व्यापक पर्यावरणीय स्थिरता पहल का एक हिस्सा है और जिसका उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन को कम करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता की रक्षा करना है।
मौके पर टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज उपाध्यक्ष चाणक्य चौधरी और टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी रितु राज सिन्हा ने संयुक्त रूप से कई पौधे भी लगाए। इस दौरान जुस्को श्रमिक यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडे और टाटा स्टील यूआईएसएल सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा समेत अन्य मौजूद थे। वन महोत्सव पर इनके द्वारा भी पेड़ लगाए गए। बताते चलें कि जुलाई माह में वन महोत्सव भारत में मनाया जाने वाला एक वार्षिक वृक्षारोपण उत्सव है,जिसकी शुरुआत 1950 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि मंत्री कुलपति डॉ केएम मुंशी ने की थी और जिसका उद्देश्य देश में हरित आवरण को बढ़ावा देने के साथ साथ पारिस्थितिकी तंत्र में पेड़ों व जंगलों के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।





