पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। सदर प्रखंड के विश्वासडीह में संचालित टायर फैक्ट्री श्री जैन इंटरप्राइजेज को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल सोमवार को समाहरणालय परिसर पहुंचकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
दिए गए आवेदन में बताया गया कि श्री जैन इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर केमिकल के माध्यम से तेल निकाला जाता है। इस क्रम में फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले धुआं तथा गैस से लोग तरह-तरह के गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रहे है,जिसमें 5 गांवों के लगभग 10 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। वहीं फैक्ट्री से कुछ ही दूरी पर सरकारी विद्यालय संचालित रहने के कारण बच्चों को भी परेशानी हो रही है, जिसके कारण बच्चे स्कूल जाना छोड़ दिए हैं। धुआं और जहरीली गैस के कारण कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो चुके हैं।
इस बात की जानकारी देते हुए पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार साव ने बताया कि फैक्ट्री को बंद कराने की मांग को लेकर सोमवार को कुछ ग्रामीण समाहरणालय परिसर पहुंचकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे। इस दौरान उपायुक्त ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए जांच कराने की बात कही।
दीपक उपाध्याय ने बताया कि उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के तुरंत बाद ही उन्होंने एसडीएम के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित कर दी है। उपायुक्त ने कहा है कि जल्द ही इसकी जांच की जाएगी और न्याय संगत उचित कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अरुण साव,पंचायत समिति सदस्य सुनील साहू,वीरेंद्र राय, दीपक उपाध्याय, संजू देवी, दिलीप साव ,विकास कुमार तिवारी,सुमित कुमार साव, राजकिशोर साव,अजय साव, शेखर, बबलू, नेपाल वर्मा,अनिल राय,समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।





